✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती में देर रात पान ठेले पर सिगरेट देने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में एक युवक के घायल होने की जानकारी है। मारपीट की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार SBS कॉलोनी निवासी राहुल शांडिल्य अपने साथी दक्ष निराला के साथ बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों कृष्णा नगर में देर रात खुले पान ठेले पर रुके। उसी समय तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला भी वहां पहुंचे और सिगरेट मांगी। सिगरेट देने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
CCTV फुटेज में कुछ युवक एक युवक को सड़क पर गिराकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। फुटेज में पत्थर से सिर पर हमला करने का प्रयास भी दिखाई दे रहा है। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी है।
CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि कृष्णा नगर में सिगरेट को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष में राहुल शांडिल्य और दक्ष निराला तथा दूसरे पक्ष में तरुण साहू, देवेंद्र सिंह और लाला शामिल हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। MLC रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
