✍️ भागीरथी यादव
महासमुंद/सिरपुर। सिरपुर में आपसी विवाद को शांत कराने की कोशिश के दौरान मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास जेपी अस्पताल के संचालक परमानंद साहू पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में उनकी गर्दन और जांघ में चोट आई है। मामले में पुलिस ने सिरपुर के उप सरपंच एवं भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक 6 अक्टूबर की रात अस्पताल कर्मचारी राकेश साहू का हरि ध्रुव से रास्ते में विवाद हुआ था। सूचना मिलने पर परमानंद साहू और अस्पताल कर्मचारी टिकेश्वर साहू मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया।
बाद में विवाद की जानकारी मिलने पर राजेश सिंह ठाकुर ने भी दोनों पक्षों से बातचीत की। इसके बाद सभी को अस्पताल के सामने बुलाया गया। रात करीब 9.30 बजे लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास दोनों पक्ष आमने-सामने हुए, जहां फिर से विवाद और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान हरि ध्रुव ने परमानंद साहू पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल परमानंद वहां से भागे, लेकिन आरोपियों द्वारा पीछा कर धमकी देने का भी आरोप है। राकेश और टिकेश्वर ने उन्हें बचाया और सिरपुर चौकी पहुंचाया। उपचार के बाद तुमगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में राजेश सिंह ठाकुर, हरि ध्रुव और सुरेश मिरी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
