हत्या को आत्महत्या बनाने की साजिश नाकाम: 48 घंटे में मां-बेटे गिरफ्तार, पुलिस ने खोला अंधे कत्ल का राज

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। धमतरी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश करते हुए उस साजिश को बेनकाब कर दिया, जिसमें एक युवक की हत्या के बाद उसके शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी। मामले में मृतक की मां और सगे भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चौकी बिरेझर पुलिस ने वैज्ञानिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाई।

घटना 29 जून 2026 को थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम गोजी की है, जहां 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव फांसी पर लटका मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

जांच में सामने आया कि मृतक शराब पीने के लिए घरवालों से पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसके भाई नरेश साहू और मां कमला बाई साहू ने पहले हाथों से गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि वह जीवित न बचे, उसे कीटनाशक भी पिला दिया।

हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की और परिजनों के सामने झूठी कहानी गढ़ दी। हालांकि, पुलिस की सूक्ष्म एवं वैज्ञानिक विवेचना के आगे उनकी साजिश ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 199/2026 में संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों की निष्पक्ष, वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित जांच जारी रहेगी तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।