बांकीमोंगरा के चांदनी चौक में दर्दनाक हादसा, ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की मौत

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कोरबा। बांकीमोंगरा क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा चांदनी चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों और परिजनों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर घंटों आवागमन प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

चक्काजाम की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों ने चांदनी चौक के पास तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की। उनका कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

 

कोरबा से शांतनु मिश्रा की रिपोर्ट