✍️ भागीरथी यादव
रिंग रोड पर छठ घाट के पास मिला शव, बाइक मैकेनिक के रूप में करता था काम; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सूरजपुर। शहर में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब रिंग रोड स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने छठ घाट के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा मिला। सुबह राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान सतपाल सिंह चावला उर्फ राजू, पिता किशन सिंह चावला के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चिरमिरी का निवासी था और वर्तमान में सूरजपुर के अग्रसेन वार्ड (भट्ठापारा) में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह बाइक बनाने का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, युवक पिछले तीन दिनों से घर से लापता था और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी।
तीन दिन से तलाश कर रहे थे परिजन
युवक के अचानक लापता होने के बाद परिजन उसकी खोजबीन में जुटे हुए थे। इसी बीच शनिवार सुबह सड़क किनारे उसका शव मिलने की खबर सामने आई। शव मिलने की सूचना से परिवार में शोक का माहौल है। हालांकि, युवक किन परिस्थितियों में घर से निकला था और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
