✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 16 अगस्त। हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के पश्चात मंच के कथित शुद्धिकरण के विरोध में कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी ने सत्याग्रह कर विरोध दर्ज कराया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक निहारिका से डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, घंटाघर तक पैदल मार्च निकाला।
सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर सामाजिक भेदभाव और छुआछूत की मानसिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने हल्द्वानी की घटना को सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली में मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण का मामला बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सोच दलित समाज के अपमान के साथ-साथ छुआछूत जैसी मानसिकता को दर्शाती है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जीवनभर छुआछूत, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के आचरण में महात्मा गांधी और डॉ. अंबेडकर के नाम लेने तथा उनके विचारों पर अमल करने के बीच विरोधाभास दिखाई देता है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। सत्याग्रह के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने हल्द्वानी मामले की निंदा करते हुए भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
