✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के कथित ‘सट्टा किंग’ किशन चंद बजाज सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तोरवा थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने साईंधाम कॉलोनी स्थित मकान पर छापेमारी कर ऑनलाइन सट्टा संचालन का भंडाफोड़ किया।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि साईंधाम कॉलोनी निवासी किशन चंद बजाज अपने घर से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहा है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने 6 जुलाई को दबिश दी, जहां चारों आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़े गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ₹50,690 नकद, एक स्कॉर्पियो वाहन (CG 04 PW 3311), एक मोटरसाइकिल (CG 11 CD 0570), 7 टच स्क्रीन मोबाइल, 4 कीपैड मोबाइल तथा एक प्रिंटर जब्त किया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
किशन चंद बजाज (66), साईंधाम कॉलोनी, तोरवा
दिनेश कुमार वाधवानी (39), फजलबाड़ा, थाना कोतवाली
भैयालाल सोनकर (39), आरपीएफ कॉलोनी, सिरगिट्टी
मनोहर लाल खत्री (63), साईंधाम कॉलोनी, तोरवा
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 एवं 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया है। संगठित अपराध के तत्व पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई से बिलासपुर में अवैध ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
