“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में मॉक ड्रिल, 49 स्थानों पर सघन नाकेबंदी

✍️ भागीरथी यादव

 

 

2 घंटे चले विशेष अभियान में वाहनों की जांच, संदिग्धों पर पैनी नजर; पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता परखी गई

कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में शनिवार को “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत व्यापक मॉक ड्रिल और नाकेबंदी अभियान चलाया गया। दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक चले इस विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में 49 स्थानों पर एक साथ सघन वाहन जांच की गई।

अभियान के तहत सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में चिन्हित नाकेबंदी स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। थाना और चौकी प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे तथा संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और दस्तावेजों की गहन जांच की गई। बैरिकेड, वायरलेस संचार प्रणाली और अन्य संसाधनों के माध्यम से पुलिस के समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान की लगातार निगरानी करते हुए सभी नाकेबंदी स्थलों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित कराई। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल की तत्परता, समन्वय क्षमता और आपात परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई की तैयारी का भी आकलन किया गया।