सुशील जयसवाल
कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा। कोरबी चोटिया स्थित मिडिल स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना स्कूल में पदस्थ भृत्य (चपरासी) अर्जुन लाल सूर्यवंशी के साथ गैस सिलेंडर के लेन-देन को लेकर हुई। पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभारी प्रधान पाठक दिलीप कुमार धृतलहरे (पिता- लक्ष्मीनारायण धृतलहरे) ने पुलिस को बताया कि 30 जुलाई 2026 को बिलासपुर स्थित अपने घर जाते समय उन्होंने परिचित होने के कारण मिडिल स्कूल कोरबी में कार्यरत भृत्य अर्जुन लाल सूर्यवंशी के कटघोरा स्थित घर पर इंडेन कंपनी का भरा हुआ गैस सिलेंडर रखवा दिया था। उन्होंने अर्जुन से कहा था कि बिलासपुर से लौटने पर वह सिलेंडर वापस ले लेंगे।
शिकायत के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को बिलासपुर से लौटते समय उन्होंने अर्जुन को फोन कर सिलेंडर वापस मांगा। इस पर अर्जुन ने बताया कि वह घर पर नहीं है और सिलेंडर उसकी मां के पास है, जो मंदिर गई हैं। काफी देर इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने पर शिक्षक स्कूल पहुंचे और वहां मौजूद अर्जुन से सिलेंडर वापस मांगा।
आरोप है कि सिलेंडर मांगते ही अर्जुन लाल सूर्यवंशी भड़क गया और शिक्षक से अभद्र भाषा में गाली-गलौज करते हुए कहा, “क्या मैं तुम्हारा नौकर हूं जो तुम्हें सिलेंडर नहीं मिलने पर दिक्कत होगी?” इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों से प्रभारी प्रधान पाठक के साथ मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना हाईस्कूल कार्यालय के अंदर हुई, जिसमें दिलीप कुमार धृतलहरे की दाहिनी पसली में चोट आई। घटना के दौरान मौजूद भूपेन्द्र सिदार और देवीलाल कुम्भकार ने बीच-बचाव किया तथा पूरी घटना के प्रत्यक्षदर्शी बताए जा रहे हैं।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अर्जुन लाल सूर्यवंशी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
