कोरबा: विशेष बच्चों के खेल मैदान की जमीन सुरक्षित रखने की मांग……

✍️ भागीरथी यादव

 

रोटरी क्लब ऑफ कोरबा और इनर हील एजुकेशन सोसायटी ने मंत्री व कलेक्टर को सौंपा पत्र, 25 वर्षों से हो रहा उपयोग

कोरबा। दिव्य ज्योति विशेष विद्यालय एवं छात्रावास, डिंगापुर में अध्ययनरत विशेष बच्चों के खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए उपयोग की जा रही भूमि को अन्य प्रयोजन के लिए आवंटित किए जाने की जानकारी के बाद इसे विशेष बच्चों के लिए सुरक्षित रखने की मांग उठी है। इस संबंध में रोटरी क्लब ऑफ कोरबा और इनर हील एजुकेशन सोसायटी कोरबा ने प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा कलेक्टर को पत्र सौंपकर भूमि को विशेष बच्चों के खेल मैदान के रूप में सुरक्षित रखने का आग्रह किया है।

पत्र में बताया गया है कि डिंगापुर स्थित दिव्य ज्योति विशेष विद्यालय एवं छात्रावास में करीब 100 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे, जिनमें मूक-बधिर एवं दृष्टिबाधित बच्चे शामिल हैं, लंबे समय से अध्ययनरत हैं। विद्यालय परिसर में उपलब्ध भूमि का उपयोग पिछले करीब 25 वर्षों से बच्चों के खेल, शारीरिक व्यायाम और पुनर्वास संबंधी गतिविधियों के लिए किया जा रहा है।

संस्था का कहना है कि उक्त भूमि विशेष बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को नियमित अभ्यास तथा पुनर्वास का अवसर मिलता है। ऐसे में यदि इस भूमि का उपयोग किसी अन्य प्रयोजन के लिए किया जाता है तो बच्चों की खेल एवं अन्य गतिविधियां प्रभावित होंगी।

 

रोटरी क्लब ऑफ कोरबा और इनर हील एजुकेशन सोसायटी ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन से आग्रह किया है कि विशेष बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए उक्त भूमि को किसी अन्य प्रयोजन के लिए आवंटित न किया जाए और इसे विशेष बच्चों के खेल मैदान के रूप में ही सुरक्षित रखा जाए। संस्था ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए इस मामले में सकारात्मक निर्णय लेगा।